बलरामपुर, 15 अगस्त (हि.स.) : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभक्ति का एक अलग नजारा बलरामपुर जिले के चांदो वन परिक्षेत्र के घने जंगलों में देखने को मिला। छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा से लगे क्षेत्र में स्थित राज्य की सबसे ऊंची चोटी गौरलाटा पर पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया। करीब 1225 मीटर की ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए टीम को आसान रास्ता नहीं मिला। दुर्गम पहाड़ी मार्ग, चट्टानों, नदी-नालों और घने जंगलों से होकर करीब दो घंटे पैदल चलने के बाद टीम चोटी तक पहुंची। पुलिस जवान मिथिलेश पाठक के नेतृत्व में टीम ने पैदल यात्रा शुरू की। लगातार करीब दो घंटे तक कठिन रास्ते पर चलने के बाद सभी गौरलाटा की ऊंची चोटी पर पहुंचे। वहां पहुंचकर ध्वजारोहण किया गया। तिरंगा लहराते ही पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। गौरलाटा बलरामपुर जिले के चांदो वन परिक्षेत्र में छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा के नजदीक घने जंगलों के बीच स्थित है। इतनी ऊंचाई पर लहराता तिरंगा केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव नहीं था, बल्कि यह संदेश भी था कि दुर्गम से दुर्गम स्थान तक देश की आन, बान और शान पहुंच सकती है।