अमेठी, 8 सितंबर (हि.स.) : उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले की कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को तालाब में डूबे एक बच्चे की खोज के लिए प्रशासन ने अयोध्या से एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) टीम को बुलाया। लगातार 22 घंटे चलने वाले खोज अभियान के बाद एसडीआरएफ की टीम ने देर रात बच्चे का शव तालाब से बरामद किया। पुलिस ने इस मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी शिवकांत त्रिपाठी ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुजीद, जो विंध्याचल निवासी हैं, का तीन वर्षीय बेटा अनस अपने ननिहाल में अमेठी थाना के वार्ड नंबर 11 में स्थित ग्राम कटरा राजा हिम्मत सिंह के समदिया मोहल्ले में था। सोमवार को अनस अचानक घर के पास खेलते हुए गायब हो गया। परिवार और आस-पड़ोस के लोगों ने उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई सूचना नहीं मिली। इसके बाद कोतवाली पुलिस की टीम ने स्थल की जांच की और आस-पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की, लेकिन वहां भी कोई सुचना नहीं मिली। बच्चा जिस स्थान पर खेल रहा था, वहीं के निकट एक तालाब है। यहाँ परिजनों ने अनुमान लगाया कि शायद अनस तालाब में गिर गया हो। इसके बाद पुलिस ने तालाब में बच्चे की खोज की, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। इसके उपरांत अयोध्या से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने देखा कि तालाब में दलदल बहुत है, जिसके कारण वे वहां अपनी नाव नहीं चला सकते थे। टीम ने कांटे डालकर अनस की खोज शुरू की और अंततः उन्होंने अनस के शव को तालाब से बरामद किया। देर रात पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल की जांच की। परिवार से बातचीत करके उन्हें आश्वास्त किया गया। बच्चे का शव पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पुलिस जांच कर रही है कि इस हादसे के समय अनस के साथ कौन-कौन बच्चे खेल रहे थे और यह दुर्घटना कैसे हुई।