कांग्रेस हाईकमान के फैसले पर टिकीं सभी की निगाहें

पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं तेज, राजा वड़िंग ने प्रोफाइल में किया बदलाव

सोशल मीडिया प्रोफाइल में खुद को बताया ‘पूर्व पीपीसीसी अध्यक्ष’

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं तेज, राजा वड़िंग ने प्रोफाइल में किया बदलाव

चंडीगढ़, 1 अक्टूबर (हि.स.) : पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच लुधियाना सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में बदलाव किया। उन्होंने अपने प्रोफाइल में खुद को ‘पूर्व पीपीसीसी अध्यक्ष’ यानी पूर्व पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बताया है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व ने वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बदलाव के फैसले की जानकारी दे दी है। इसके बाद पंजाब कांग्रेस में नए अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी के विभिन्न गुटों और नेताओं के बीच नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। पार्टी सूत्रों के हवाले से सामने आ रही खबरों में पूर्व सांसद और कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष विजय इंदर सिंगला का नाम प्रमुख दावेदारों में बताया जा रहा है। इसके अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा, गुरजीत सिंह औजला, परगट सिंह और सुखबिंदर सिंह सरकारिया के नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि, कांग्रेस ने इनमें से किसी भी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ महीनों से प्रदेश नेतृत्व को लेकर अलग-अलग राय सामने आती रही है। जुलाई में हुए संगठनात्मक फेरबदल के दौरान वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया था, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद सितंबर में सचिन पायलट को पंजाब मामलों का नया प्रभारी नियुक्त किया गया। अब कांग्रेस हाईकमान की औपचारिक घोषणा का इंतजार है। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस संगठन की कमान किस नेता को सौंपी जाती है।