नई दिल्ली, 03 अक्टूबर (हि.स.) : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) को कथित तौर पर 93.44 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के मामले में मुंबई स्थित कंपनी हेंजर बायोटेक एनर्जीज प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एजेंसी ने मुंबई में कई ठिकानों पर छापेमारी कर बैंकिंग और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। सीबीआई के अनुसार, एजेंसी ने 30 सितंबर को मुंबई स्थित पीएनबी की एसएएम शाखा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था। मामले में कंपनी, उसके निदेशकों, गारंटरों, अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और अन्य निजी व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि आरोपियों ने आपराधिक साजिश के तहत 135 करोड़ रुपये का टर्म लोन हासिल किया। यह ऋण कथित तौर पर संबंधित पक्ष से जारी इनवॉयस के आधार पर लिया गया था। आरोप है कि स्वीकृत परियोजना में धनराशि का इस्तेमाल करने के बजाय लोन की रकम को अन्य उद्देश्यों के लिए डायवर्ट कर उसका दुरुपयोग किया गया। इससे बैंक को करीब 93.44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। सीबीआई ने 2 अक्टूबर को मुंबई में कंपनी के निदेशकों से जुड़े कई परिसरों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैंकिंग दस्तावेज, संपत्ति से संबंधित रिकॉर्ड और जांच से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद कर जब्त की गई। सीबीआई ने कहा कि कथित साजिश के पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल लोगों की भूमिका और लोन की रकम के अंतिम इस्तेमाल का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
कंपनी और निदेशकों पर सीबीआई ने दर्ज किया केस
बैंक धोखाधड़ी मामले में सीबीआई ने मुंबई में कई ठिकानों पर की छापेमारी
एजेंसी ने मुंबई में कई ठिकानों पर छापेमारी कर बैंकिंग और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं
By :
Just Click National
,
Sukhwinder Kaur
•