नशे के खिलाफ पुलिस नफरी बढ़ाने की तैयारी

पंजाब पुलिस में 10 हजार नई भर्तियां होंगी: भगवंत मान

450 एएसआई की सीधी भर्ती, 3,400 पुलिसकर्मी प्रशिक्षण ले रहे<br/>

By : Just Click National , Harpreet Singh
पंजाब पुलिस में 10 हजार नई भर्तियां होंगी: भगवंत मान

चंडीगढ़, 03 अक्टूबर (हि.स.) : पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और मजबूत करने के लिए पुलिस बल बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि अगले वित्तीय वर्ष के दौरान पुलिस की 10,000 और पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा 450 एएसआई की सीधी भर्ती की जा रही है, जबकि करीब 3,400 नए पुलिसकर्मी फिलहाल प्रशिक्षण ले रहे हैं। सरकार ने 450 एएसआई की सीधी भर्ती को सितंबर में मंजूरी दी थी। फिल्लौर स्थित महाराजा रणजीत सिंह पुलिस अकादमी में आयोजित ‘एसएचओ मिलनी’ के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान अब लोगों की भागीदारी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने थाना प्रभारियों को गांवों और कस्बों में जाकर लोगों से सीधा संपर्क बढ़ाने तथा नशे से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पुलिस को आधुनिक सुविधाओं और तकनीक से लैस कर रही है। इसमें सीसीटीवी कैमरे, एंटी-ड्रोन सिस्टम, आधुनिक वाहन और एआई आधारित निगरानी प्रणालियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के कारण पंजाब को ड्रोन के जरिए होने वाली कथित सीमा पार नशा तस्करी से भी निपटना पड़ रहा है। भगवंत मान ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों को शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के साथ-साथ नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ने पर भी ध्यान देना चाहिए। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले साढ़े चार वर्षों में एनडीपीएस एक्ट के तहत 95,644 से अधिक एफआईआर दर्ज की गईं और करीब 1.28 लाख लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 7,265 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद करने तथा नशा तस्करों की करीब 375 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने का दावा किया गया। उन्होंने बताया कि गांव सुरक्षा समितियों से मिली 24,083 सूचनाओं के आधार पर 4,843 एफआईआर दर्ज की गईं और 6,515 लोगों को गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मचारियों के कल्याण को भी सरकार की प्राथमिकता बताते हुए छुट्टियों और पेंशन से जुड़े लंबित मामलों के निपटारे सहित अन्य कदमों का उल्लेख किया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, डीजीपी गौरव यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित सामग्री

नशे के खिलाफ अभियान को ग्रामीण स्तर पर और मजबूत करने के निर्देश

नशे के खिलाफ अभियान को ग्रामीण स्तर पर और मजबूत करने के निर्देश

डीसी कोमल मित्तल और एसएसपी वरुण शर्मा ने विलेज डिफैंस कमेटियों को सक्रिय करने और आपसी तालमेल बढ़ाने पर जोर दिया।

‘मान के मुनाफे’ मुहिम की खन्ना में शुरुआत, कैबिनेट मंत्री सौंध ने गिनाईं 'आप' की उपलब्धियां

‘मान के मुनाफे’ मुहिम की खन्ना में शुरुआत, कैबिनेट मंत्री सौंध ने गिनाईं 'आप' की उपलब्धियां

‘मान के मुनाफे’ मुहिम से लोगों को कौन सी सरकारी योजना का लाभ कैसे लेना है का पता चलेगा।