विश्वस्तरीय वन्यजीव पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी

340 करोड़ रुपये से होगा गुवाहाटी चिड़ियाघर का पुनर्विकास

पर्यावरण एवं वन मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने 72वें वन्यजीव सप्ताह समारोह में इसकी जानकारी दी

By : Just Click National , Harpreet Singh
340 करोड़ रुपये से होगा गुवाहाटी चिड़ियाघर का पुनर्विकास

गुवाहाटी, 02 अक्टूबर (हि.स.) :असम के गुवाहाटी स्थित राज्य चिड़ियाघर सह वनस्पति उद्यान का करीब 340 करोड़ रुपये की लागत से बड़े पैमाने पर पुनर्विकास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य इसे विश्वस्तरीय वन्यजीव पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। पर्यावरण एवं वन मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने शुक्रवार को 72वें वन्यजीव सप्ताह समारोह का उद्घाटन करते हुए परियोजना की जानकारी दी। पुनर्विकास योजना के तहत नई आधारभूत सुविधाएं और पर्यटकों के लिए कई आकर्षण विकसित किए जाएंगे। चिड़ियाघर के प्राकृतिक परिवेश को संरक्षित रखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। बरुवा ने कहा कि काम पूरा होने के बाद इसे देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रमुख चिड़ियाघरों में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। परियोजना के प्रमुख आकर्षणों में विशाल पक्षीशाला शामिल है। मंत्री के अनुसार, इसे बड़े पैमाने पर विकसित किया जा रहा है और यह दुनिया की सबसे बड़ी पक्षीशालाओं में से एक बन सकती है। इसके अलावा पर्यटकों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए चिड़ियाघर परिसर में टॉय ट्रेन शुरू करने की भी योजना है। बरुवा ने बताया कि विकास कार्य संतोषजनक गति से चल रहे हैं और अगले तीन से चार महीनों में कई प्रस्तावित सुविधाओं का स्वरूप स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगेगा। हालांकि, पूरी परियोजना को पूरा होने में अभी अधिक समय लगेगा। योजना तैयार करने के लिए वन विभाग के अधिकारियों ने बेंगलुरु और चेन्नई के चिड़ियाघरों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन किया है। उपयोगी व्यवस्थाओं को गुवाहाटी चिड़ियाघर की परियोजना में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। वन्यजीव सप्ताह के कार्यक्रमों की शुरुआत गज पूजन से हुई। इसके बाद वन विभाग के कर्मियों की बाइक रैली को चिड़ियाघर से पोबितोरा अभयारण्य के लिए रवाना किया गया। इससे पहले गांधी जयंती पर मंत्री ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की और चिड़ियाघर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिड़ियाघर के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।