कोलकाता, 16 सितंबर (हि.स.) : जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी ब्लॉक के झाड़ अलता-2 ग्राम पंचायत के मध्य खट्टीमारी इलाके के रहने वाले 36 वर्षीय आदिवासी युवक नगन भगत को लंबे इंतजार के बाद आयुष्मान भारत योजना के तहत गॉल ब्लैडर का नि:शुल्क ऑप्रेशन करवाया गया। वर्ष 2023 में पेट में पथरी का पता चलने के बाद ऑपरेशन के लिए करीब दो से ढाई लाख रुपये की जरूरत बताई गई थी। प्रवासी मजदूर की मामूली आमदनी में इतनी बड़ी रकम जुटाना उनके लिए संभव नहीं था। नगन का दावा है कि उस समय स्वास्थ्यसाथी कार्ड लेकर कई चिकित्सा केंद्रों से संपर्क करने के बावजूद उन्हें इलाज की सुविधा नहीं मिल सकी। आर्थिक तंगी के कारण ऑपरेशन नहीं करा पाने के बाद वह पेट का दर्द सहते हुए दोबारा मुंबई में मजदूरी करने चले गए। करीब तीन साल बाद स्थानीय आशा कार्यकर्ताओं की पहल पर नगन के लिए आयुष्मान भारत कार्ड की व्यवस्था की गई। इसके बाद जलपाईगुड़ी के टच नर्सिंग होम में आयुष्मान भारत योजना के तहत उनका गॉल ब्लैडर का ऑपरेशन पूरी तरह नि:शुल्क हुआ। जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज के जनरल सर्जन डॉ. सप्तर्षि मंडल के संपर्क में आने के बाद यह उपचार संभव हुआ। फिलहाल नगन घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं और चिकित्सकों ने उन्हें करीब एक महीने आराम करने की सलाह दी है। हालांकि ऑपरेशन के बाद अब उनके सामने परिवार चलाने की चुनौती है, क्योंकि वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं। नगन का कहना है कि अब वह पूरी तरह स्वस्थ होकर फिर से काम पर लौटना चाहते हैं। साथ ही उन्हें उम्मीद है कि हाल ही में हुए आवास योजना के सर्वे के बाद उन्हें पक्का घर भी मिल सकेगा।
इलाज को पैसे की कमी पूरी की आयुष्मान भारत योजना ने
आयुष्मान भारत : पेट में पथरी से परेशान आदिवासी युवक का नि:शुल्क ऑप्रेशन
नगन भगत को उम्मीद है कि हाल ही में हुए आवास योजना के सर्वे के बाद उसे पक्का घर भी मिल सकेगा।
By :
Just Click National
,
Sukhwinder Kaur
•