डीजल की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने की तैयारी

जी7 देशों का बड़ा फैसला, रणनीतिक भंडार से 10 करोड़ बैरल तक ईंधन बाजार में आएगा

इसका उद्देश्य वैश्विक बाजार में आपूर्ति बढ़ाना और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को नियंत्रित करना है

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
जी7 देशों का बड़ा फैसला, रणनीतिक भंडार से 10 करोड़ बैरल तक ईंधन बाजार में आएगा

ब्रूसेल्स, 03 अक्टूबर (हि.स.) : डीजल की बढ़ती कीमतों और अमेरिकी डीजल आपूर्ति पर संभावित रोक की आशंका के बीच जी7 देशों ने अपने रणनीतिक तेल और डीजल भंडार का बड़ा हिस्सा बाजार में जारी करने पर सहमति जताई है। इसके तहत करीब 10 करोड़ बैरल तक ईंधन बाजार में लाया जा सकता है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने जी7 नेताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद बताया कि वैश्विक बाजार में ईंधन की आपूर्ति बढ़ाने और पेट्रोलियम उत्पादों, खासकर डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए रणनीतिक भंडार का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रस्ताव के तहत करीब पांच करोड़ बैरल डीजल और पांच करोड़ बैरल कच्चा तेल जारी किया जाएगा। शुरुआती 20 दिनों में बड़ी मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने की योजना है। जी7 में अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, कनाडा और जापान शामिल हैं। मैक्रों ने कहा कि सदस्य देश ईंधन आपूर्ति बनाए रखने के लिए निर्यात पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में यूरोपीय देशों के रणनीतिक डीजल भंडार का हिस्सा जारी करने की जानकारी दी। यूरोप अपनी डीजल जरूरत का करीब 70 प्रतिशत घरेलू रिफाइनरियों से पूरा करता है और शेष के लिए आयात पर निर्भर है। मध्य पूर्व में आपूर्ति व्यवधान, क्षेत्रीय रिफाइनरियों के उत्पादन में कमी, चीन में रिफाइनिंग उत्पादन में गिरावट और यूक्रेन के रूसी रिफाइनरियों पर हमलों से वैश्विक ईंधन बाजार पर दबाव बढ़ा है। ब्रिटेन में शुक्रवार को डीजल की औसत कीमत करीब दो पाउंड प्रति लीटर पहुंच गई। वहीं, वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर रहा। रणनीतिक भंडार जारी करने की खबर के बाद कीमत कुछ समय के लिए करीब 98 डॉलर तक आई, लेकिन बाद में फिर 102 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई। मैक्वेरी ग्रुप के वॉल्ट चांसलर के अनुसार, केवल रणनीतिक भंडार जारी करने से वैश्विक ऊर्जा बाजार की मूल समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने मध्य पूर्व और होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते तेल आपूर्ति बढ़ाने को महत्वपूर्ण बताया। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने मार्च में 40 करोड़ बैरल आपातकालीन कच्चा तेल जारी करने पर सहमति जताई थी।

संबंधित सामग्री

ईंधन की कीमतों में भारी उछाल, ट्रंप ने जेलेंस्की को ठहराया जिम्मेदार

ईंधन की कीमतों में भारी उछाल, ट्रंप ने जेलेंस्की को ठहराया जिम्मेदार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की को टिप्पणी करते हुए कहा कि रूस के तेल उपभोग स्थलों पर हमलों के चलते वैश्विक ईंधन की कीमतें बढ़ रही हैं।

बिजली क्षेत्र को कोयला आपूर्ति में तेजी, रैक लोडिंग बढ़कर 444 प्रतिदिन हुई 

बिजली क्षेत्र को कोयला आपूर्ति में तेजी, रैक लोडिंग बढ़कर 444 प्रतिदिन हुई 

कोयला सप्लाई में लगातार सुधार के कारण भारत के बिजली उत्पादन में वृद्धि हो रही है।