जोधपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.) : जोधपुर एयरबेस पर ‘तरंग शक्ति’ युद्धाभ्यास के दौरान आसमान में हैरतअंगेज नजारे देखने को मिल रहे हैं। हवाई अभ्यास के दौरान एक साथ 60 से 80 लड़ाकू विमानों ने जटिल हवाई मिशनों को अंजाम दिया। इससे पश्चिमी राजस्थान का एयरस्पेस कुछ समय के लिए वास्तविक युद्ध क्षेत्र जैसा नजर आया। अभ्यास के तहत लार्ज फोर्स एम्प्लॉयमेंट के जरिए अलग-अलग क्षमताओं वाले विमानों का बड़ा फोर्स पैकेज तैयार किया गया। इसमें लड़ाकू विमानों को विभिन्न समूहों में बांटकर दुश्मन के हवाई हमले को रोकने और अपने विमानों को सुरक्षित रूप से लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए हवाई सुरक्षा कवच तैयार करने का अभ्यास किया गया। इससे पहले अभ्यास के एक चरण में भारतीय और विदेशी लड़ाकू विमानों के बीच वन-ऑन-वन और टू-ऑन-वन जैसी जटिल डॉगफाइट तथा एयर कॉम्बैट ट्रेनिंग भी हुई। अभ्यास की खासियत विभिन्न देशों के अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों का एक साथ संचालन रहा। फ्रांस और भारत के राफेल, अमेरिका के एफ-35 और भारतीय वायु सेना के तेजस तथा सुखोई-30 एमकेआई जैसे लड़ाकू विमानों ने एक साथ अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। बड़े ऑपरेशनल अभ्यास में लड़ाकू विमानों के अलावा हवा में ईंधन भरने, एयरलिफ्ट और अन्य सपोर्ट मिशनों को भी शामिल किया गया। यह अभ्यास केवल जोधपुर एयरबेस तक सीमित नहीं रहा। नाल, उतरलाई, जैसलमेर और फलोदी एयरबेस भी इस व्यापक हवाई नेटवर्क का हिस्सा रहे। अभ्यास का उद्देश्य बड़े हवाई अभियान के दौरान विभिन्न देशों की वायु सेनाओं, अलग-अलग विमानों और तकनीकों के बीच तालमेल को परखना और मजबूत करना है। अभ्यास के दौरान अमेरिकी वायु सेना, भारतीय वायु सेना और अन्य भाग लेने वाले देशों के बीच संयुक्त प्रशिक्षण भी किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बहुराष्ट्रीय हवाई अभियानों की कार्यप्रणाली को समझना और साझा अनुभव विकसित करना है। अमेरिकी एफ-35ए के एक पायलट ने कहा कि अलग-अलग वायु सेनाओं के साथ उड़ान भरने से विभिन्न रणनीतियों और संचालन के तरीकों को समझने का अवसर मिलता है। इससे पायलट एक-दूसरे से सीखते हैं और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ संयुक्त अभियानों के लिए बेहतर तैयारी कर पाते हैं।
राफेल, एफ-35 और तेजस ने भरी आसमान में हुंकार
‘तरंग शक्ति’ में 60-80 लड़ाकू विमानों ने दिखाया हवाई युद्ध कौशल
जोधपुर एयरबेस पर हुई भारत और विदेशी लड़ाकू विमानों के बीच डॉगफाइट और एयर कॉम्बैट ट्रेनिंग
By :
Just Click National
•