दिल्ली में 62.50 रुपये महंगा हुआ 19 किलो सिलेंडर

त्योहारी सीजन से पहले महंगा हुआ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
त्योहारी सीजन से पहले महंगा हुआ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर

नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.) : देश में त्योहारी सीजन की शुरुआत से पहले तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। अलग-अलग शहरों में इसकी कीमत 62.50 रुपये से लेकर 75 रुपये तक बढ़ाई गई है। हालांकि, घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 62.50 रुपये महंगा होकर 2,810 रुपये का हो गया है। मुंबई में इसकी कीमत 63.54 रुपये बढ़कर 2,764.54 रुपये हो गई है। कोलकाता में 70 रुपये की बढ़ोतरी के बाद सिलेंडर 2,954 रुपये में मिलेगा, जबकि चेन्नई में 66.50 रुपये बढ़कर इसकी कीमत 2,983 रुपये हो गई है। बिहार की राजधानी पटना में कमर्शियल सिलेंडर 71.50 रुपये महंगा होकर 3,100.50 रुपये का हो गया है। लखनऊ में इसकी कीमत 62.50 रुपये बढ़कर 2,932.50 रुपये हो गई है। वहीं, अहमदाबाद में 19 किलो के सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,831.50 रुपये हो गई है। इसके अलावा लेह में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 3,450 रुपये, कन्याकुमारी में 3,046 रुपये और अरुणाचल प्रदेश के तवांग में 3,073.50 रुपये का हो गया है। कमर्शियल एलपीजी की कीमत बढ़ने से रेस्टोरेंट, ढाबे और कैटरिंग कारोबार से जुड़े उपभोक्ताओं की लागत बढ़ सकती है। इसका असर उनकी सेवाओं की कीमतों पर भी पड़ने की संभावना है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।