धमकी भरे ई-मेल के बाद पुलिस अलर्ट

अमृतसर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी अफवाह निकली

डीसीपी जुगराज सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने स्कूलों का लिया जायजा

By : Just Click National , Kamaljeet Singh Kamal
अमृतसर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी अफवाह निकली

अमृतसर, 30 सितंबर (जस्ट क्लिक) : अमृतसर के कुछ स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद शहर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। डीसीपी जुगराज सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए अभिभावकों और शहरवासियों से घबराने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की है। डीसीपी जुगराज सिंह ने बताया कि धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। उन्होंने खुद कई बड़े स्कूलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अलग-अलग स्कूलों की जिम्मेदारी दी गई है। सभी अधिकारी ग्राउंड लेवल पर जाकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर रहे हैं। स्कूल बंद होने और अभिभावकों में पैदा हुए डर के सवाल पर डीसीपी ने कहा कि कई स्कूलों में हालात सामान्य हैं और कक्षाएं नियमित रूप से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्व ईमेल के जरिए दहशत और अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस की जांच और निरीक्षण के दौरान किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। डीसीपी ने कहा कि अमृतसर पुलिस और पंजाब पुलिस बच्चों तथा आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैनात है। पुलिस की प्राथमिकता बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके पढ़ाई के माहौल को सामान्य बनाए रखना है। उन्होंने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। मामले की जांच डीसीपी इन्वेस्टिगेशन और विशेष टीमें कर रही हैं। धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी और साइबर पहलुओं की भी जांच की जा रही है। डीसीपी ने कहा कि जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।