रैली स्थल के मंच के नीचे आईईडी होने का दावा

अमित शाह की जालंधर रैली से पहले बम धमकी वाली ईमेल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

रैली स्थल, स्कूलों, श्री देवी तालाब मंदिर, अदालत परिसर और बसों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है

By : Just Click National , Harpreet Singh
अमित शाह की जालंधर रैली से पहले बम धमकी वाली ईमेल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

जालंधर, 30 सितंबर (हि.स.) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बुधवार को जालंधर के परागपुर में होने वाली रैली से कुछ घंटे पहले बम धमकी वाली ईमेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। ईमेल में रैली स्थल, स्कूलों, श्री देवी तालाब मंदिर, अदालत परिसर और बसों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। धमकी की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। रिपोर्टों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7:07 बजे धमकी भरा ईमेल भेजा गया। इसमें अलग-अलग स्थानों पर निर्धारित समय पर विस्फोट करने की धमकी दी गई। ईमेल में परागपुर में होने वाली अमित शाह की रैली के मंच के नीचे आईईडी लगाए जाने का दावा भी किया गया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और किसी स्थान से विस्फोटक बरामद होने की सूचना नहीं है। ईमेल में रैली में लोगों को लाने वाली बसों में भी बम होने का दावा किया गया है। पुलिस और साइबर जांच टीम ईमेल के स्रोत तथा इसे भेजने वाले की पहचान का पता लगाने में जुटी है। अमित शाह जालंधर-लुधियाना हाईवे के पास परागपुर में भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इससे पहले उनके श्री देवी तालाब मंदिर में दर्शन करने का कार्यक्रम है। रैली को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पहले ही कड़ी की गई थी और प्रशासन ने 30 सितंबर को जालंधर जिले में ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित किया है। भाजपा की चार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राएं’ 18 सितंबर से शुरू हुई थीं और 117 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद जालंधर में समाप्त हो रही हैं।