भारतीय 'रन मशीन' का बड़ा ऐलान

विश्व कप 2027 भारत के लिए मेरा आखिरी, खिताब जीतना लक्ष्य : विराट कोहली

भारत और पश्चिमी इंडीज के बीच पहला एकदिवसीय मुकाबला 27 सितंबर को दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
विश्व कप 2027 भारत के लिए मेरा आखिरी, खिताब जीतना लक्ष्य : विराट कोहली

नई दिल्ली, 26 सितंबर (हि.स.) : भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने कहा है कि दक्षिण अफ्रीका में होने वाला 2027 आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप भारत के लिए उनका आखिरी विश्व कप होगा और उनका लक्ष्य इस टूर्नामेंट को जीतना है। पश्चिमी इंडीज के खिलाफ शुरू होने वाली घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला से पहले जियोस्टार से बातचीत में कोहली ने कहा कि 50 ओवर के विश्व कप की तीव्रता किसी भी अन्य प्रारूप से अलग होती है। उन्होंने कहा कि विदेशी परिस्थितियों में होने वाले विश्व कप में लगातार उच्च स्तर की तीव्रता बनाए रखना बड़ी चुनौती होती है। कोहली ने कहा कि यह भारत के लिए मेरा आखिरी विश्व कप होगा और यही मेरी प्रेरणा है। मैं अपना सब कुछ देना चाहता हूं। जाहिर तौर पर लक्ष्य विश्व कप जीतना है और इसके लिए जो कुछ भी करना पड़ेगा, मैं उसके लिए पूरी तरह तैयार हूं। कोहली और रोहित शर्मा अब अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के केवल एक प्रारूप में खेल रहे हैं। दोनों अगले साल होने वाले विश्व कप की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। वहीं रोहित शर्मा ने कहा कि विश्व कप को लेकर उनका अधूरा काम खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक वह खेल रहे हैं, तब तक उनके सामने हासिल करने के लिए कुछ न कुछ मौजूद रहेगा। रोहित ने कहा कि आईसीसी टूर्नामेंट में अलग-अलग टीमों, मैदानों और परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए खिलाड़ियों को अपनी तैयारी और सोच में भी बदलाव करना होता है। भारत और पश्चिमी इंडीज के बीच पहला एकदिवसीय मुकाबला 27 सितंबर को दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमें आगामी विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारियों को आगे बढ़ाएंगी।