वाशिंगटन, 29 सितंबर (हि.स.) : अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स सूची में शामिल किया है। एजेंसी ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है। एफबीआई ने 28 सितंबर को यह जानकारी जारी की। एफबीआई के अनुसार, गोल्डी बराड़ के लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से कथित संबंध हैं और वह अमेरिका तथा कनाडा में गिरोह की गतिविधियों का नेतृत्व कर रहा है। एजेंसी के मुताबिक, यह गिरोह दक्षिणी कैलिफोर्निया समेत अमेरिका और कनाडा में लक्षित हत्याओं, राजनीतिक एवं धार्मिक हस्तियों पर हमले, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली तथा हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल है। पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब से संबंध रखने वाला गोल्डी बराड़ वर्ष 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद सुर्खियों में आया था। उसने इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। इसके अलावा, वह वर्ष 2023 में कनाडा में खालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश में भी नामजद है। भारत के गृह मंत्रालय ने गोल्डी बराड़ को गैर-कानूनी गतिविधियां अधिनियम के तहत पहले ही आतंकवादी घोषित किया हुआ है।