भारत की पूल-ए में यह लगातार तीसरी जीत

भारतीय हॉकी टीम की दक्षिण कोरिया पर ऐतिहासिक और सबसे बड़ी जीत

अब भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला 26 सितंबर को मेजबान जापान के खिलाफ खेलेगी।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
भारतीय हॉकी टीम की दक्षिण कोरिया पर ऐतिहासिक और सबसे बड़ी जीत

काकामिगहारा, 24 सितंबर (हि.स.) : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाई खेल 2026 में अपना आक्रामक और शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दक्षिण कोरिया को 8-2 से करारी शिकस्त दी है। एशियाई खेलों के इतिहास में दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। पूल 'ए' में मौजूदा चैंपियन भारत की यह लगातार तीसरी जीत है। इस जीत के साथ ही टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। मैच के अधिकांश समय भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर अपना दबदबा बनाए रखा। मैच में फॉरवर्ड खिलाड़ी दिलप्रीत सिंह ने दो गोल दागे। इसके साथ ही टूर्नामेंट में उनके कुल गोलों की संख्या नौ हो गई है और वह पुरुष प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उनके अलावा अभिषेक ने भी दो शानदार गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह, राजिंदर सिंह, सुखजीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा ने एक-एक गोल कर जीत में अहम योगदान दिया। मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम हमलावर मुद्रा में नजर आई। शिलानंद लाकड़ा ने चौथे मिनट में ही पहला गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 10वें मिनट में सुखजीत सिंह और 11वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर जोरदार फ्लिक लगाकर स्कोर 3-0 कर दिया। पहले क्वार्टर के खत्म होने से ठीक पहले 15वें मिनट में अभिषेक ने गोल कर भारत को 4-0 से आगे कर दिया। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में भी भारत का शिकंजा कसता रहा। दिलप्रीत सिंह ने 26वें और 32वें मिनट में दो गोल किए, जबकि 38वें मिनट में अभिषेक ने अपना दूसरा गोल दागा। दक्षिण कोरिया की ओर से जेहो किम (42वें मिनट) और योंग बोक किम (52वें मिनट) ने गोल कर अंतर को कम करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर मोहित ने उन्हें ज्यादा मौके नहीं दिए। मैच खत्म होने से ठीक 38 सेकंड पहले राजिंदर सिंह ने भारत का आठवां गोल दागकर स्कोर 8-2 कर दिया। यह मुकाबला भारत के स्टार प्लेमेकर विवेक सागर प्रसाद के लिए बेहद खास रहा, जिन्होंने देश के लिए अपने 200 सीनियर इंटरनेशनल मैच पूरे कर लिए। इस उपलब्धि पर मैच से पहले उन्हें सम्मानित किया गया। अब भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला 26 सितंबर को मेजबान जापान के खिलाफ खेलेगी।

संबंधित सामग्री

भारत ने श्रीलंका को हराकर आठवीं बार जीता महिला एशिया कप

भारत ने श्रीलंका को हराकर आठवीं बार जीता महिला एशिया कप

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारत ने सातवें एशिया कप फाइनल में पिछले वर्ष के फाइनल की हार को दूर कर आठवां खिताब हासिल किया। सलामी बल्लेबाजों स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया।

भारतीय महिला खिलाड़ियों ने रचा इतिहास, चीन को 1-0 से हराकर लगाई खिताबी हैट्रिक

भारतीय महिला खिलाड़ियों ने रचा इतिहास, चीन को 1-0 से हराकर लगाई खिताबी हैट्रिक

चीन ने लगातार बराबरी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफैंस को भेदने में नाकाम रहा।