सैमीफाइनल में हांगकांग से हारी भारतीय टीम

स्क्वैश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार को मिश्रित युगल में कांस्य पदक

ली का यी और तांग मिंग हांग ने शानदार वापसी करते हुए लगातार 4 अंक हासिल किए और निर्णायक गेम 11-10 से जीतकर फाइनल में जगह बना ली।

By : Sukhwinder Kaur , Just Click National
स्क्वैश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार को मिश्रित युगल में कांस्य पदक

आइची-नगोया , 26 सितंबर (हि.स.) : भारत की अनुभवी स्क्वैश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने एशियाई खेल 2026 में मिश्रित युगल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी को शनिवार को सैमीफाइनल में हांगकांग की ली का यी और तांग मिंग हांग की जोड़ी से रोमांचक मुकाबले में 10-11, 11-2, 10-11 से हार का सामना करना पड़ा। पहले गेम में दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। लंबी रैलियों के बीच भारतीय जोड़ी ने बराबरी बनाए रखी, लेकिन हांगकांग की जोड़ी ने अंतिम क्षणों में बढ़त बनाकर गेम 11-10 से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में जोशना और वेलावन ने शानदार वापसी की। भारतीय जोड़ी ने 3-0 की बढ़त से शुरुआत की और स्कोर 7-2 तक पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने आक्रामक खेल जारी रखते हुए गेम 11-2 से जीत लिया और मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया। निर्णायक गेम में हांगकांग की जोड़ी ने 5-2 की बढ़त बनाई, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए स्कोर 6-6 कर दिया। इसके बाद जोशना और वेलावन ने लगातार अंक जुटाते हुए 10-7 की बढ़त हासिल कर ली और उन्हें जीत के लिए सिर्फ एक अंक चाहिए था। हालांकि, ली का यी और तांग मिंग हांग ने शानदार वापसी करते हुए लगातार चार अंक हासिल किए और निर्णायक गेम 11-10 से जीतकर फाइनल में जगह बना ली। सेमीफाइनल में हार के साथ जोशना और वेलावन को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।