हवाई अड्डे पर स्वागत टीम की तैनात

एशियाई खेल : भारतीय खिलाड़ियों की मदद के लिए साई ने बढ़ाईं सुविधाएं

साई भारतीय ओलंपिक संघ, जापान स्थित भारतीय दूतावास और एशियाई खेल आयोजन समिति के साथ समन्वय से काम कर रहा है।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
एशियाई खेल : भारतीय खिलाड़ियों की मदद के लिए साई ने बढ़ाईं सुविधाएं

आइची-नगोया, जापान, 22 सितंबर (हि.स.) : भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने एशियाई खेल 2026 में भारतीय दल के लिए जमीनी स्तर पर लॉजिस्टिक और खिलाड़ियों से जुड़ी सहायता को मजबूत किया है। साई की ओर से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई व्यवस्थाएं की गई हैं। खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के आगमन को सुगम बनाने के लिए हवाई अड्डे पर एक समर्पित स्वागत एवं सहायता टीम तैनात की गई है। इसमें भारतीय ओलंपिक संघ, साई और जापान स्थित भारतीय दूतावास के प्रतिनिधि शामिल हैं। यह टीम आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ का स्वागत करने के साथ आगमन संबंधी औपचारिकताओं में सहायता कर रही है। साथ ही खिलाड़ियों को जलपान और आगे खेल स्थलों तथा आवास तक पहुंचने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। साई ने भारतीय दल की सुविधा के लिए कई अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की हैं। भारतीय निशानेबाजों के लिए प्रतियोगिता स्थलों तक आने-जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा चिकित्सा टीमों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है, ताकि चिकित्सा दल विभिन्न प्रतियोगिता स्थलों के बीच आसानी से पहुंच सकें और जरूरत पड़ने पर खिलाड़ियों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा सकें। आयोजन समिति की ओर से सीमित आवास उपलब्ध होने के कारण जिन प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ के लिए आवास की व्यवस्था नहीं हो सकी थी, उनके लिए भी अतिरिक्त कमरों की व्यवस्था साई ने की है। साई भारतीय ओलंपिक संघ, जापान स्थित भारतीय दूतावास और एशियाई खेल आयोजन समिति के साथ समन्वय से काम कर रहा है। इसका उद्देश्य भारतीय दल को लॉजिस्टिक, चिकित्सा और अन्य परिचालन संबंधी सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि खिलाड़ी एशियाई खेलों के दौरान पूरी तरह अपनी प्रतियोगिताओं पर ध्यान केंद्रित कर सकें।