रांची, 28 सितंबर (हि.स.) : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रांची स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के अलावा एनएसयूआई के छात्र नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। झारखंड कांग्रेस ने पहले ही राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने और रांची में निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया। उनका कहना था कि मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए। पार्टी ने इन मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन कार्यालय के गेट के अंदर जाने का प्रयास भी किया। हालांकि, कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर कार्यालय के बाहर ही डटे रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने से कार्यालय के बाहर काफी भीड़ रही।